
नैनीताल। मंगलवार को नैनीताल में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ताकुला पुरानी चुंगी के पास हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही सवारियों से भरी कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चारों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार कार संख्या UK 07 AM 7810 में पिथौरागढ़ निवासी नवीनचंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) तथा टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) सवार थे। सभी हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
खाई में गिरी कार देख स्थानीय व्यक्ति ने दी पुलिस को सूचना
बताया गया कि स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को सड़क से नीचे खाई में गिरते देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर चारों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कुछ फीट और नीचे जाती कार तो बढ़ सकती थी हादसे की भयावहता
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि कार यदि कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अचानक अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।










