
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करौरी महाराज के पावन धाम कैंची धाम में 15 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस मेले को लेकर जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस ने 13 जून से 16 जून 2026 तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस बार भी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन, पार्किंग स्थल और शटल सेवाओं की विशेष व्यवस्था की गई है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली-एनसीआर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली तथा अन्य मैदानी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को सीधे कैंची धाम नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को निर्धारित मार्गों से काठगोदाम, गोलापार और भीमताल स्थित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालु शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंच सकेंगे।
रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं की ओर से आने वाले वाहनों को भीमताल स्थित विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। वहीं नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले वाहनों को भवाली के सैनिटोरियम पार्किंग स्थल में पार्क कराकर शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए खैरना पार्किंग को चिन्हित किया गया है। यहां से भी यात्रियों को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरी ओर हल्द्वानी से अल्मोड़ा और बागेश्वर जाने वाले वाहनों को भीमताल-खुटानी बैंड से नथुवाखान और रामगढ़ मार्ग से भेजा जाएगा।
भारी वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
मेले के दौरान भारी माल वाहनों के संचालन पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके बाद 14 जून की रात 12:01 बजे से 16 जून की रात 11 बजे तक सभी भारी माल वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
राशन, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को केवल 13 जून रात 11 बजे से 14 जून सुबह 6 बजे तक ही आवाजाही की अनुमति दी गई है। इसके बाद 16 जून रात 11 बजे तक इन वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा।
बसों के लिए भी विशेष रूट
केएमओयू और रोडवेज बसों का संचालन 13 जून तक सामान्य रहेगा, लेकिन 14 जून दोपहर 2 बजे से 16 जून दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जाने वाली बसों को भवाली-कैंची धाम मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा। इन बसों को खुटानी बैंड और क्वारब से डायवर्ट कर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा।
छोटे वाहनों के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था
13 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम जाने वाले सभी छोटे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा।
हल्द्वानी और काठगोदाम से ज्योलीकोट मार्ग होते हुए आने वाले वाहनों को सैनिटोरियम पार्किंग भवाली में पार्क कराया जाएगा।
नैनीताल से आने वाले वाहनों के लिए भी सैनिटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।
भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों को विकास भवन पार्किंग में रोका जाएगा।
अल्मोड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
दुपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद
14 जून सुबह 8 बजे से 16 जून शाम 4 बजे तक कैंची धाम क्षेत्र में सभी टैक्सी बाइक और दुपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। नारीमन तिराहा काठगोदाम, नैनीताल तिराहा कालाढूंगी, विकास भवन भीमताल, डॉट चौराहा नैनीताल और मस्जिद तिराहा भवाली से बाइक एवं दुपहिया वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा।
प्रमुख शटल सेवा केंद्र
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निम्न स्थानों से शटल सेवाएं संचालित की जाएंगी—
सैनिटोरियम पार्किंग, भवाली
जंगलात बैरियर, भवाली
ब्लॉक पार्किंग, भीमताल
खैरना
पनीराम डांबा
तल्लीताल टैक्सी स्टैंड
नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम
रेलवे स्टेशन, काठगोदाम
रोडवेज/केएमओयू स्टेशन, हल्द्वानी
प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग, गोलापार
पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, अनावश्यक रूप से निजी वाहनों को कैंची धाम की ओर ले जाने का प्रयास न करें तथा पार्किंग स्थलों से उपलब्ध कराई जा रही शटल सेवा का उपयोग करें। प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था में सहयोग करने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज के स्थापना दिवस पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। :::










