
रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर के एक रिसॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने मौके से 10 महिलाओं (एक नाबालिग सहित) को मुक्त कराया और रिसॉर्ट को सील कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस ने 4 जुलाई की रात संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट में देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराने तथा उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आयोजक मेरठ निवासी उमेन्द्र कुमार ने अपनी कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। उसने करीब 10 दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराई थी। रिसॉर्ट को दो दिन के लिए लगभग 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। महिलाओं की व्यवस्था दिल्ली निवासी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये में कराई गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने जानबूझकर मेहमानों और महिलाओं की एंट्री रजिस्टर में दर्ज नहीं की, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इसी आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
छापेमारी के दौरान तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, ₹10 मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, नोटों का पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में इस्तेमाल किया गया म्यूजिक सिस्टम और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।










