

बाइक सवार हमलावरों ने दोपहर 2:15 बजे की अंधाधुंध फायरिंग, वारदात के बाद फरार; इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए CRPF चेकपोस्ट पर हमला कर दिया। बुधवार दोपहर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के मुताबिक, हमला कुलगाम जिले में मीर बाजार के निकट अखरान इलाके में हुआ। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक सवार हमलावरों ने चेकपोस्ट पर तैनात CRPF जवानों को निशाना बनाते हुए गोलियां बरसाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग में घायल तीनों जवानों को तत्काल उपचार के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक जवान की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
हमलावरों की तलाश में घेराबंदी
हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की पहचान और उनकी धरपकड़ के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित ठिकाने पर तलाशी ले रही हैं। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।











