पहाड़ों की जरूरतों के हिसाब से विकसित होंगे उत्तराखंड के शहर, ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ मॉडल पर केंद्र का जोर

ADVERTISEMENTS Ad

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने काठगोदाम में नगर निकायों की ली समीक्षा बैठक, आचार संहिता से पहले विकास कार्य पूरे करने के दिए सख्त निर्देश; स्वच्छता में लालकुआं को प्रदेश में पहला स्थान मिलने पर हुई चर्चा

हल्द्वानी। उत्तराखंड के पर्वतीय शहरों की तस्वीर बदलने और उन्हें पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड के पहाड़ी भूगोल और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के शहरों का विकास वहां की भौगोलिक परिस्थितियों, पर्यटन की संभावनाओं और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकें।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में अवैध पार्किंग पर प्रशासन का शिकंजा, दर्जनों वाहनों के चालान.....

बुधवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निकायों के अधिकारियों के साथ शहरी विकास योजनाओं, स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और लंबित निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले लंबित विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। वहीं जिन कार्यों के प्रस्ताव तैयार हो चुके हैं, उन्हें बिना अनावश्यक देरी के धरातल पर उतारने की कार्रवाई शुरू की जाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड:- दोस्ती का खौफनाक अंत! नशे के इंजेक्शन पर भिड़े दो दोस्त, एक ने दूसरे दोस्त को उतारा मौत के घाट, जाने पूरा मामला....

बैठक में शहरी क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने नदियों में गंदा पानी जाने से रोकने, सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा नगर निकायों में ठोस कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर और स्वच्छ पर्यावरण ही पर्यटन की मजबूत पहचान बन सकते हैं। इसके लिए निकायों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

केंद्रीय मंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों के बाजारों में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, सफाई और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नैनीताल और कैंची धाम जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  हरक सिंह रावत के जैनी प्रकरण में असम CM हिमंत बिस्वा सरमा की एंट्री, बोले.....

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लालकुआं नगर पंचायत को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं नैनीताल और कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निकायों द्वारा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में मेयर गजराज बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा सहित भीमताल, भवाली, रामनगर और लालकुआं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें