
नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी से की शिष्टाचार भेंट, युवा प्रोड्यूसर व सहयोगियों को किया सम्मानित
नैनीताल। देश-विदेश में चर्चा बटोर रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की 21 वर्षीय प्रोड्यूसर एवं India’s Youngest Producer के रूप में पहचान बना चुकीं अनूप्रिया नागर ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। उनके साथ उनके परिजन एवं लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी मौजूद रहे।
कैंची धाम पहुंचीं अनूप्रिया नागर ने बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महिमा और धाम की आस्था का उल्लेख करते हुए अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
दर्शन के बाद अनूप्रिया नागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता, उसकी विषयवस्तु और उद्देश्य की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ-साथ बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अनूप्रिया नागर, उनके परिवारजनों एवं सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की सफलता एवं अनूप्रिया नागर के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि कैंची धाम जैसी पावन भूमि में आकर दर्शन करना सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।










